मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू प्रमंडल के रेल यात्रियों के लिए नई ट्रेन की सुविधा मिलने जा रही है। रेल मंत्रालय ने चोपन-मधुपुर के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन को मंजूरी दी है। गाड़ी संख्या 13341/13342 चोपन-मधुपुर-चोपन एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन चलेगी। इसके परिचालन से पलामू क्षेत्र का देवघर से सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा। गाड़ी संख्या 13341 चोपन-मधुपुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार, सोमवार और बुधवार को चोपन से सुबह 10:40 बजे रवाना होगी और उसी दिन रात 11:30 बजे मधुपुर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 13342 मधुपुर-चोपन एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार, मंगलवार और गुरुवार को सुबह चार बजे मधुपुर से रवाना होकर शाम पांच बजे चोपन पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
ट्रेन का ठहराव रेणुकूट, नगर उटारी, रमना, गढ़वा टाउन, गढ़वा रोड, डालटनगंज, बरवाडीह, लातेहार, टोरी, खलारी, पतरातू, बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, बरही, कोडरमा, महेशपुर, नवाडीह, धनवार, जमुआ और न्यू गिरिडीह में होगा।
एलएचबी के 20 कोच होंगेएलएचबी के 20 कोच होंगे
नई ट्रेन में एलएचबी के कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें छह जनरल, चार थर्ड एसी, एक सेकंड एसी, आठ स्लीपर क्लास और एक जनरेटर कार शामिल होगी। नई ट्रेन के संचालन से पलामू प्रमंडल के यात्रियों को देवघर और आसपास के क्षेत्रों तक सीधी रेल सुविधा मिलेगी। धार्मिक यात्राओं के साथ झारखंड के विभिन्न जिलों के बीच आवागमन में भी यात्रियों को सुविधा होने की उम्मीद है। रेलवे बोर्ड की ओर से ट्रेन के टाइम टेबल और स्टॉपेज संबंधी पत्र जारी कर दिया गया है। अब परिचालन की तिथि,किराया और विस्तृत समय-सारणी पूर्व मध्य रेल की ओर से जारी की जाएगी। इसके बाद यात्रियों को इस नई ट्रेन की सुविधा मिल सकेगी।



