उपायुक्त हेमंत सती ने खास महाल भूमि से संबंधित कार्यों की समीक्षा की और अतिक्रमण पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने 25 सितंबर तक सर्वे रिपोर्ट सौंपने और भूमि के संरक्षण में लापरवाही न बरतने की बात कही।
हजारीबाग। हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में बुधवार को खास महाल भूमि से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलेभर में चल रहे खास महल भूमि के सर्वेक्षण की प्रगति, सर्वे प्रक्रिया की अद्यतन स्थिति और पुनर्ग्रहित भूमि से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे सर्वे कार्य की जानकारी लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत इसे शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद 25 सितंबर तक इसकी समेकित रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। बैठक में पुनर्ग्रहित खास महाल भूमि पर अतिक्रमण के मामलों की भी समीक्षा हुई।
उपायुक्त ने ऐसे मामलों को चिह्नित कर अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध नियमानुसार नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि खास महाल भूमि सरकार की संपत्ति है और इसके संरक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ भूमि की नियमित निगरानी और अभिलेखों के समुचित संधारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय सहित खास महाल से संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।



