Sagar Singh Encounterः धनबाद पुलिस ने निरसा में कुख्यात अपराधी सागर सिंह उर्फ शिबू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
(धनबाद)। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर का बदमाश सागर सिंह उर्फ शिबू धनबाद के निरसा के हाथबाड़ी स्थित शमशाद खान के घर में पिछले चार-पांच दिनों से टिका था। पुलिस को सूचना मिलते ही बुधवार की सुबह उसकी घेराबंदी की गई। और शाम होते ही मुठभेड़ हो गया, जिसमें उसको पुलिस की दो गोली लगी।

पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के बाद आत्मसमर्पण करने के लिए कहने पर सागर ने अचानक पुलिस पर तीन राउंड फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं। दो गोली उसके पैर में लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। घायल सागर को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने उसके पास से नाइन एमएम की आधुनिक पिस्टल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, हथियार को घर के बाहर प्लास्टिक में छिपाकर रखा गया था और उसी से उसने पुलिस पर फायरिंग की। घटना के बाद पुलिस ने शमशाद खान के घर और आसपास के इलाके में घेराबंदी कर दी। देर शाम तक पुलिस टीम वहां कैंप करती रही।
सुबह से चल रही थी रेकी, शाम को पुलिस ने कसा शिकंजा
एसएसपी प्रभात कुमार को सूचना मिली थी कि सागर सिंह उर्फ शिबू निरसा के हाथबाड़ी में शमशाद खान के आवास में छिपा हुआ है। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। पुलिस टीम सुबह करीब 11 बजे से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
शाम करीब साढ़े पांच बजे टीम ने मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की। इसी दौरान सागर ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, जिस मकान में वह ठहरा था, उसके मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था।
पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसी दौरान सागर चारदीवारी फांदकर बाहर निकला और अचानक पुलिस पर गोली चलाने लगा। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
जमशेदपुर के निखार सबलोक हत्याकांड से भी जुड़ा नाम
पुलिस के अनुसार, सागर सिंह का आपराधिक इतिहास झारखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल तक फैला है। वह जमशेदपुर के चर्चित व्यवसायी निखार सबलोक हत्याकांड का भी मुख्य आरोपित रहा है।
उसके खिलाफ हत्या, लूट और रंगदारी समेत कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस अब विभिन्न राज्यों में दर्ज मामलों और उसके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
नीरज हत्याकांड में सागर का था नाम
साल 2017 में धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या में शूटर के ताैर पर सागर सिंह का नाम आया था। इस हत्याकांड में झरिया के तत्कालीन विधायक संजीव सिंह का भी नाम था और उन्हें जेल जाना पड़ा। हालांकि बाद अदालत ने सभी आरोपितों को बाइज्जत बरी कर दिया।
पांच-छह दिनों से शमशाद के घर ठहरने की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सागर सिंह शमशाद खान के घर तक कैसे पहुंचा और वहां कितने दिनों से रह रहा था। स्थानीय स्तर पर शमशाद खान को कथित पशु तस्करी से जोड़कर चर्चा होती रही है। पुलिस फिलहाल दोनों के बीच संबंधों की जांच कर रही है।



