लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
साहिबगंज। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समाज कल्याण विभाग की योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं, पोषण ट्रैकर, रिक्त पदों, मानदेय भुगतान तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिले के 1771 आंगनबाड़ी केंद्रों में 88.93 प्रतिशत में स्थायी बिजली, 93.22 प्रतिशत में पेयजल, 82.38 प्रतिशत में क्रियाशील शौचालय और 94.52 प्रतिशत में रसोईघर उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने शेष केंद्रों में सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन पर जोर :

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत निर्धारित मासिक लक्ष्य 3940 के विरुद्ध 4760 लाभुकों का पंजीकरण किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में 516 के लक्ष्य के विरुद्ध 662 लाभुकों का चयन हुआ। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना में 3881 आवेदन लंबित पाए गए।
उपायुक्त ने लंबित आवेदनों और भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही कुपोषित बच्चों की पहचान, उपचार और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने की अपील की।



