चप्पल धोने के दौरान गहरे पानी में गया, अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
राजमहल/साहिबगंज। जिले में बाढ़ का कहर लगातार लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रहा है। राजमहल थाना क्षेत्र के बुधवरिया गांव में बुधवार को बाढ़ के पानी में डूबने से 9 वर्षीय बालक अनुज कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवरिया गांव निवासी संजय मंडल का पुत्र अनुज कुमार घर के पास फोरलेन सड़क के समीप खेल रहा था। इसी दौरान वह बाढ़ के पानी में अपनी चप्पल धोने लगा। चप्पल पानी में बह जाने के बाद उसे निकालने के प्रयास में अनुज गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा बालक को पानी से बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अनुज चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। घटना की सूचना मिलने पर राजमहल थाना के एएसआई बबलू सोरेन और एएसआई कालीपद मुर्मू अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बालक की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है। वहीं, घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के दादा मंगल मंडल ने घटना को लेकर अपनी बात रखी।



