उधवा। प्रखंड क्षेत्र के पश्चिमी प्राणपुर पंचायत अंतर्गत गोलढाव चुआर सहित अन्य बाढ़ प्रभावित इलाकों में सोमवार को प्रशासन की ओर से राहत सामग्री का वितरण किया गया। अंचल निरीक्षक हैदर अली ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर राहत सामग्री बांटी और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। जानकारी के अनुसार, अंचल निरीक्षक हैदर अली प्राणपुर गंगा नदी घाट से नाव के माध्यम से पश्चिमी प्राणपुर पंचायत के गोलढाव चुआर पहुंचे। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने के बाद उन्होंने पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया। राहत सामग्री में चूड़ा, गुड़, तिरपाल, मोमबत्ती, माचिस समेत आवश्यक सामान शामिल थे। अंचल निरीक्षक हैदर अली ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में करीब 400 पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से आगे भी पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। राहत सामग्री मिलने के बाद बाढ़ प्रभावित परिवारों ने प्रशासन के प्रति आभार जताया। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि मेहबूब आलम, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि अब्दुल हन्नान, अब्दुल रज्जाक अली, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि गुलाब हुसैन, मोहम्मद समायून शेख, मोहम्मद एजाजुल हक, रबीउल शेख सहित अन्य मौजूद थे।
बाढ़ प्रभावित गोलढाव चुआर में 400 परिवारों को मिली राहत सामग्री
Leave a comment



