साहिबगंज। वार्ड नंबर 07 में बाढ़ और जलजमाव की स्थिति को देखते हुए शुक्रवार को वार्ड पार्षद सुनीता सिंह एवं पूर्व पार्षद जयप्रकाश सिंह ने छोटी शीतला मंदिर, ज्ञानी मोहल्ला, बड़ी शीतला मंदिर सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत व आवश्यक व्यवस्था का आश्वासन दिया। जलजमाव वाले क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया गया। लोगों की सुविधा के लिए सुलभ शौचालय खोलने, साफ-सफाई कराने तथा सुरक्षा के मद्देनजर स्ट्रीट लाइट दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया। पार्षद सुनीता सिंह ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है। मौके पर पप्पू राम, रेखा देवी, राजेंद्र राम, मीणा देवी, रुक्मिणी देवी, रूपा देवी, कैलाश हरिजन, अंजू देवी, विनोद सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।
बाढ़ प्रभावित वार्ड 07 का पार्षद सुनीता सिंह ने किया दौरा, सुनीं लोगों की समस्याएं
Leave a comment



