साहिबगंज। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर से जिले में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। गांव, दियारा और शहरी क्षेत्रों में पानी का असर दिख रहा है। कई परिवार घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों, सड़क किनारे व पहाड़ी इलाकों में रहने को मजबूर हैं। बाढ़ पीड़ितों की स्थिति को देखते हुए जेएमएम सदर प्रखंड अध्यक्ष अमरदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में राहत अभियान चलाया गया। कार्यकर्ताओं ने प्रभावित लोगों के बीच चूड़ा, गुड़, मोमबत्ती, माचिस, पानी समेत अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। अमरदीप कुमार सिंह ने कहा कि दियारा क्षेत्र के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं और लोग गंगा किनारे शरण लेने को मजबूर हैं। प्राथमिकता है कि कोई प्रभावित परिवार भूखा न सोए। उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य होने तक जेएमएम कार्यकर्ता जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाते रहेंगे। मौके पर पार्टी कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद थे।



