साहिबगंज। गुरुवार को साहिबगंज में प्रस्तावित भाजपा के प्रदर्शन को लेकर बुधवार को बोरियो में पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखा। भाजपा नेता सलखु सोरेन के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान मरांडी ने कार्यकर्ताओं से प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि गुरुवार का प्रदर्शन केवल साहिबगंज तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राज्य के सभी जिलों में भाजपा कार्यकर्ता एक साथ प्रदर्शन करेंगे। मरांडी ने बताया कि प्रदर्शन का प्रमुख मुद्दा जेपीसी मामले में कथित घपला एवं अनियमितता है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी पूरे देश को है और भाजपा इसे लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया। मौके पर भाजपा के कई पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



