फोटो कैप्शन : गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच करते
आवाज प्रतिनिधि, बरहेट/साहिबगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहेट में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। चिकित्सा प्रभारी डॉ. पूनम कुमारी की देखरेख में आयोजित शिविर में 177 से अधिक गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क प्रसव पूर्व जांच की गई। इस दौरान महिलाओं का बीपी, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, यूरिन, वजन तथा गर्भस्थ शिशु की धड़कन और वृद्धि की जांच की गई। उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था वाली महिलाओं की पहचान कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई। जांच के बाद महिलाओं के बीच आयरन, कैल्शियम एवं फॉलिक एसिड की गोलियां निःशुल्क वितरित की गईं। डॉ. पूनम कुमारी ने गर्भावस्था में साफ-सफाई, पौष्टिक आहार और संस्थागत प्रसव के महत्व की जानकारी दी। मौके पर बीपीएम सरोजनी केरकेट्टा, बीटीटी पिंकी देवी समेत एएनएम, स्वास्थ्यकर्मी एवं सहिया मौजूद थीं।



