सेवा शर्त नियमावली और जीपीएफ लाभ दिलाने में अहम भूमिका को किया याद
साहिबगंज। झारखंड राज्य प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघ की राज्य एवं जिला कमेटी साहिबगंज की ओर से प्राथमिक विद्यालय चैती दुर्गा में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर झारखंड के नगर विकास एवं उच्च शिक्षा मंत्री स्वर्गीय सुदीप्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि दी गई। उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए और आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
प्रदेश महासचिव विकास कुमार चौधरी ने कहा कि पारा शिक्षकों की सेवा शर्त नियमावली को कैबिनेट से पारित कराने और सहायक अध्यापकों को सामान्य भविष्य निधि का लाभ दिलाने में सोनू की अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि हाल ही में सहायक अध्यापकों की समस्याओं को लेकर मंत्री से वार्ता हुई थी और उन्होंने जल्द बैठक कराने का भरोसा दिया था।
जिलाध्यक्ष अशोक कुमार साह और जिला सचिव चंदन सिंह ने कहा कि सोनू के निधन से राजनीतिक जगत के साथ सहायक अध्यापकों और सरकार के बीच संवाद का एक मजबूत माध्यम भी खो गया। सभा में कई सहायक अध्यापक मौजूद रहे।



