एसडीओ सदानंद महतो ने प्रभावित क्षेत्र का किया दौरा, ग्रामीणों से संवाद कर जानी समस्याएं
राजमहल। बाढ़ की विषम परिस्थितियों के बीच प्रभावित परिवारों के साथ उनके पशुधन की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिया है। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो ने बाढ़ प्रभावित गदाई सितारा क्षेत्र का दौरा किया और पशुपालकों के बीच पशुओं के लिए चारा वितरित किया।
पशुपालकों से लिया समस्याओं का जायजा:
दौरे के दौरान एसडीओ ने प्रभावित पशुपालकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ की इस कठिन परिस्थिति में प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रभावित इलाकों में पशुओं के लिए पर्याप्त चारा और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
एसडीओ ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों के साथ पशुधन की देखभाल भी प्रशासन की प्राथमिकता में है। बाढ़ के कारण पशुपालकों के सामने उत्पन्न कठिनाइयों को देखते हुए जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि संकट की इस घड़ी में कोई भी प्रभावित परिवार अथवा उसका पशुधन आवश्यक सहायता से वंचित न रहे।



