बोरियो-बरहेट मुख्य पथ के तेलों मोड़ के समीप हुआ हादसा
बोरियो। थाना क्षेत्र के बोरियो-बरहेट मुख्य पथ स्थित तेलों मोड़ के समीप तेज रफ्तार बाइक का संतुलन बिगड़ने से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए बोरियो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के कांडलू निवासी स्टीफन मुर्मू (25), संजय मुर्मू (18) और जीशू मुर्मू (25) एक ही बाइक से जीरूल में आयोजित फुटबॉल मैच देखने के लिए आ रहे थे। इसी दौरान तेलों मोड़ के समीप बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को तत्काल बोरियो सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. कुलदीप कुमार ने तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। फिलहाल तीनों का इलाज जारी है।



