बरहेट में झामुमो कार्यकर्ताओं ने शोक सभा आयोजित कर दी श्रद्धांजलि
बरहेट। झामुमो प्रखंड कार्यालय में सोमवार को शोक सभा आयोजित कर झारखंड सरकार के उच्च शिक्षा एवं नगर विकास मंत्री सह गिरिडीह विधायक स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की गई। उनके निधन से झामुमो कार्यकर्ताओं में शोक का माहौल है।
दो मिनट का मौन रखकर आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना:
शोक सभा का आयोजन झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख बर्नार्ड मरांडी के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान बोरियो विधायक धनंजय सोरेन सहित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की गई।

बर्नार्ड मरांडी ने कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का असमय निधन झामुमो संगठन, राज्य सरकार और पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सोनू कुशल रणनीतिकार, जनहित के मुद्दों पर सक्रिय नेता और कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शक थे। उनका निधन संगठन के लिए गहरा आघात है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू कार्यकर्ताओं के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे।
शोक सभा में प्रखंड सचिव मुजिबुल रहमान, संसद प्रतिनिधि संजीव सामू हेंब्रम, जिला संगठन सचिव छवि हेंब्रम, प्रो. नजरुल इस्लाम, उप प्रमुख रूपक साह समेत कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।



