उत्कृष्ट शिक्षण कार्य और बेहतर परिणाम में योगदान देने वाले शिक्षकों को मिला सम्मान
साहिबगंज। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइन उच्च विद्यालय के सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान जिले में शिक्षण क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 25 शिक्षक-शिक्षिकाओं को अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य के लिए मिला सम्मान:
सम्मानित शिक्षकों में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय बरहेट के इग्नाशियस टुडू, +2 बरहरवा हाई स्कूल के हरेंद्र कुमार, +2 हाई स्कूल कोदरजनना के प्रणव कुमार शर्मा, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय सकरीगली के रिचर्ड वेलेंटाइन हेंब्रम समेत मैट्रिक परीक्षा में बेहतर परिणाम दिलाने वाले शिक्षक शामिल रहे। इसके अलावा स्कूल मैनेजमेंट, ब्यूटीफिकेशन, भाषा, विज्ञान, प्रशिक्षण, नेतृत्व, खेल, प्रश्नपत्र निर्माण, आईटी प्रशिक्षण और अन्य क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने पर जोर:
डीईओ ने कहा कि जिले के शिक्षक बेहतर कार्य कर रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ परीक्षा परिणाम में भी सुधार हो रहा है। उन्होंने शिक्षकों से आपसी समन्वय के साथ विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाने और कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने की अपील की। सम्मानित शिक्षकों ने भी जिले के परिणाम को बेहतर बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। मौके पर डीईओ-डीएसई कार्यालय के कर्मी समेत बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे।



