अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ कार्य पूरा करने का निर्देश
उधवा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चल रहे मतदाता सूची के सत्यापन एवं पुनरीक्षण कार्य की जमीनी स्थिति का जायजा लेने शनिवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार उधवा पहुंचे। उन्होंने राजमहल विधानसभा क्षेत्र के उधवा प्रखंड अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे एसआईआर कार्य की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इसी क्रम में उन्होंने पश्चिमी प्राणपुर पंचायत सचिवालय पहुंचकर बूथ संख्या 412 से संबंधित कथित फर्जी मतदाताओं की शिकायत की जांच की। मौके पर मौजूद वर्तमान बीएलओ, बीएलओ पर्यवेक्षक, एआरओ सहित ग्रामीणों से उन्होंने मतदाता सूची में दर्ज नामों और शिकायत से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली। साथ ही संबंधित दस्तावेजों एवं अभिलेखों के बारे में भी अधिकारियों से पूछताछ की।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि एसआईआर के दौरान एक विशिष्ट शिकायत सामने आई है, जिसके संबंध में संबंधित लोगों और अधिकारियों से जानकारी ली जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एसआईआर का कार्य पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए।मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटे नहीं और अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया। जांच के दौरान कथित फर्जी मतदाताओं से संबंधित शिकायत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों द्वारा जुटाई गई जानकारी, दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों के सत्यापन के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मौके पर साहिबगंज उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, उधवा बीडीओ जयंत कुमार तिवारी सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।



