रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान में बड़ा हादसा हुआ है. खुदाई के दौरान अचानक दीवार ढह जाने से एक मजदूर की मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
रांची : राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र के डंगराटोली चौक के समीप पैंटालून के ठीक सामने शनिवार को बड़ा हादसा हो गया. होटल प्रताप रेसीडेंसी के बगल स्थित एक पुरानी निर्माणाधीन दुकान में काम करने के दौरान छत का बीम अचानक भरभराकर गिर गया. इसकी चपेट में आने से राजमिस्त्री रमेश महतो (36) की मौके पर ही मौत हो गयी. वह झालदा के बागबिंधा का रहने वाला था.
जानकारी के अनुसार, डंगराटोली स्थित उक्त पुरानी दुकान में मरम्मत और निर्माण का काम चल रहा था. रमेश महतो शनिवार को दुकान के अंदर काम कर रहा था. इसी दौरान जर्जर छत का बीम अचानक उसके ऊपर आ गिरा. बीम सिर पर गिरने से उसे गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. हादसे के बाद तेज आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गयी.
मलबा हटाकर शव को निकाला गया
हादसे के बाद आसपास के लोग और स्थानीय दुकानदार मौके पर पहुंचे. लोगों ने मलबा हटाकर रमेश को बाहर निकाला. सूचना मिलने पर लालपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया.
चार छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के चाचा गोविंद महतो ने बताया कि झालदा से कुल पांच लोग रोजाना काम करने आते थे, जिसमें रमेश भी शामिल था. रमेश के चार छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और तीन बेटियां हैं.
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकान काफी पुरानी और जर्जर स्थिति में थी. इसी वजह से हादसा होने की बात कही जा रही है. फिलहाल लालपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.



