बरहरवा/साहिबगंज। जिला परिषद, साहिबगंज की योजनान्तर्गत बरहरवा प्रखंड के मधुवापाड़ा में पंचायत भवन निर्माण कार्य का उद्घाटन शुक्रवार को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक निसात आलम ने किया। उद्घाटन के दौरान विधायक ने विधिवत शिलान्यास कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं रखीं। विधायक ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक समाधान का भरोसा दिलाया।
इस दौरान SIR नोटिस को लेकर भी ग्रामीणों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विधायक ने बताया कि SIR प्रक्रिया के तहत किन-किन दस्तावेजों की आवश्यकता होगी और उन्हें किस प्रकार तैयार कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रस्तुत करना है। उन्होंने ग्रामीणों से किसी भी तरह की अफवाह या भ्रम में नहीं पड़ने तथा आवश्यक दस्तावेज सही तरीके से तैयार रखने की अपील की।
विधायक ने ग्रामीणों की विभिन्न शंकाओं और सवालों का भी जवाब दिया तथा समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक जानकारी दी। पंचायत भवन निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया।
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सनी कुमार दास, जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी, पंचायत एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



