पिता के आवेदन पर पति समेत तीन के खिलाफ मामला दर्ज, आरोपी पति गिरफ्तार
उधवा/साहिबगंज। राधानगर थाना क्षेत्र के मनिहारी टोला बंगालीपाड़ा में देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान कल्पना सरदार के रूप में हुई है। मृतका के पिता ने उसके पति समेत ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पति संदीप मंडल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मृतका के पिता पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का थाना क्षेत्र के अबला गांव निवासी अशोक सरदार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि गुरुवार देर रात करीब दो बजे उनके दामाद संदीप मंडल ने उनके भांजे समीर सरदार को फोन कर कल्पना की तबीयत खराब होने की जानकारी दी। संदीप ने बताया कि कल्पना के पेट में अचानक तेज दर्द हो रहा है और उसकी हालत गंभीर है। बेटी से फोन पर बात कराने को कहने पर भी संदीप ने उसकी हालत गंभीर होने की बात कहते हुए फोन काट दिया।
इसके बाद परिजन रात में ही कल्पना के ससुराल पहुंचे। अशोक सरदार अपने बेटे सूरज सरदार और भांजे समीर सरदार के साथ मनिहारी टोला बंगालीपाड़ा पहुंचे, जहां कल्पना घर के फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ी मिली। पिता का आरोप है कि उसके गले पर चोट के निशान और पीठ पर सूजन दिखाई दे रही थी। इसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पति पर दूसरी महिला से संबंध का आरोप :

मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि संदीप मंडल का किसी अन्य महिला से कथित संबंध था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पिता का आरोप है कि विवाद के दौरान संदीप उनकी बेटी के साथ मारपीट भी करता था। उन्होंने बेटी की मौत के लिए पति संदीप मंडल के अलावा ससुर निवारण मंडल और सास सुमित्रा मंडल को भी जिम्मेदार ठहराया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार :

घटना की सूचना मिलने के बाद राधानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। मामले में राधानगर थाना कांड संख्या 315/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई है। आरोपी पति संदीप मंडल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
फिलहाल विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस हत्या के आरोपों समेत घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा होने की उम्मीद है।



