वर्षों से मरम्मत का इंतजार, छत नहीं होने से राहगीरों को हो रही दिक्कत
बोरियो/साहिबगंज। बोरियो प्रखंड मुख्यालय के मुख्य गेट के सामने सड़क किनारे वर्षों से बना सार्वजनिक शौचालय इन दिनों बदहाली का शिकार है। देखरेख और मरम्मत के अभाव में इसकी स्थिति लगातार जर्जर होती जा रही है। इससे स्थानीय लोगों और प्रखंड मुख्यालय आने वाले राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे अधिक परेशानी बारिश के दिनों में हो रही है। शौचालय की छत नहीं होने के कारण बारिश के दौरान इसका इस्तेमाल करना मुश्किल हो जाता है। प्रखंड कार्यालय में विभिन्न कार्यों से आने वाले ग्रामीणों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और दूर-दराज से आने वाले लोगों की परेशानी अधिक बढ़ जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सुविधा के उद्देश्य से बनाए गए इस शौचालय की लंबे समय से समुचित मरम्मत और साफ-सफाई नहीं हुई है। धीरे-धीरे इसकी स्थिति खराब होती गई, लेकिन संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों का इस ओर ध्यान नहीं गया।
प्रखंड मुख्यालय के मुख्य गेट के सामने स्थित सार्वजनिक शौचालय की बदहाल स्थिति व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से शौचालय की तत्काल मरम्मत कराने, छत का निर्माण करने तथा नियमित साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
लोगों का सवाल है कि प्रखंड मुख्यालय के मुख्य गेट के सामने वर्षों से बदहाल पड़ी इस सार्वजनिक सुविधा की ओर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आखिर कब जाएगा?



