राधा-कृष्ण के वेश में सजे नन्हे कलाकार बने आकर्षण का केंद्र
बरहेट/साहिबगंज। बरहेट प्रखंड क्षेत्र के पंचकठिया बाजार स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस दौरान बच्चों ने मटकी फोड़ कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा का रूप धारण कर आकर्षक साज-सज्जा की। राधा-कृष्ण के वेश में सजे नन्हे कलाकार लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। इसके बाद बच्चों ने पारंपरिक तरीके से मटकी फोड़ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मटकी फोड़ने के दौरान मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर बच्चों द्वारा खीर का प्रसाद भी तैयार किया गया, जिसे मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच वितरित किया गया। आयोजन के माध्यम से बच्चों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में विरु दे, रोनित दे, प्रेम दत्ता, विराट दे, लव सेन, सुबुजीत दत्ता सहित अन्य बच्चे और स्थानीय लोग मौजूद रहे। जन्माष्टमी को लेकर पूरे पंचकठिया बाजार में उत्सव का माहौल बना रहा।



