लंबे समय से चली आ रही मांग हुई पूरी, एक जनरल कोच की जगह जुड़ेगा थर्ड एसी कोच; एसी चेयरकार रहेगा यथावत
साहिबगंज। साहिबगंजवासियों के लिए रेलवे से जुड़ी बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस में 5 सितंबर से थर्ड एसी कोच की सुविधा शुरू होने जा रही है। पूर्वी रेलवे की ओर से इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है।
रेलवे के निर्णय के अनुसार ट्रेन में एक जनरल कोच को हटाकर उसकी जगह 3rd AC (थ्री-टियर) कोच जोड़ा जाएगा। खास बात यह है कि ट्रेन में पहले से संचालित एसी चेयरकार कोच यथावत रहेगा। ऐसे में यात्रियों को अब एसी चेयरकार के साथ थर्ड एसी में यात्रा करने का भी विकल्प मिलेगा।
पंकज मिश्रा की पहल लाई रंग, बैठक में उठाया था मुद्दा

थर्ड एसी कोच की मांग को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा और विधायक एमटी राजा लगातार रेलवे अधिकारियों के समक्ष आवाज उठाते रहे हैं। बीते 6 जुलाई को कोलकाता स्थित पूर्वी रेलवे के महाप्रबंधक कार्यालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में भी साहिबगंज की रेल सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया था।
अब रेलवे की ओर से थर्ड एसी कोच जोड़ने का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद पंकज मिश्रा ने इसे साहिबगंज की जनता की मांग की स्वीकृति बताया है। उन्होंने कहा कि लगातार किए जा रहे प्रयासों का परिणाम अब सामने आया है और यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
आरओबी, मरीन ड्राइव, एयरपोर्ट और मेडिकल कॉलेज पर भी काम का दावा
पंकज मिश्रा ने साहिबगंज के विकास से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पश्चिमी रेलवे फाटक पर बनने वाले आरओबी का टेंडर हो चुका है, जबकि पूर्वी रेलवे फाटक के आरओबी की डीपीआर प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।
इसके अलावा मरीन ड्राइव, एयरपोर्ट और मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को लेकर भी प्रक्रिया आगे बढ़ने की बात कही गई है। पंकज मिश्रा के अनुसार इन योजनाओं को जल्द स्वीकृति दिलाकर धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि साहिबगंज के विकास को लेकर किए गए वादों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं और आने वाले दिनों में इन विकास योजनाओं का लाभ जिले की जनता को दिखाई देगा।



