H1N1 और H3N2 जैसे वायरस से निपटने को स्वास्थ्य विभाग तैयार, सदर अस्पताल में 10 बेड आरक्षित
साहिबगंज। संवाददाता। स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से घबराने के बजाय सतर्कता बरतने की अपील की है। मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने कहा कि H1N1 और H3N2 जैसे वायरस से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
सदर अस्पताल में 10 बेड आरक्षित:
सिविल सर्जन ने बताया कि संभावित स्वाइन फ्लू मरीजों के उपचार के लिए सदर अस्पताल में अलग से 10 बेड आरक्षित किए गए हैं। अस्पताल में आवश्यक दवाओं, चिकित्सकीय सुविधाओं और अन्य संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
लक्षण दिखें तो कराएं जांच:
डॉ. पासवान ने बताया कि नाक बहना, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, बुखार, खांसी और गले में खराश जैसे लक्षण होने पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर मरीज सदर अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय जांच कराएं। समय पर पहचान और उपचार से बीमारी को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने लोगों से स्वच्छता का ध्यान रखने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।



