साहिबगंज। पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और स्कूली बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने को लेकर सोमवार को जिला स्तरीय स्टेयरिंग-सह-मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में योजना के विभिन्न घटकों की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य जांच और आईएफए सेवन में तेजी लाने का निर्देश :
बैठक में बताया गया कि जुलाई में पीएम पोषण से आच्छादित विद्यालयों में बच्चों की औसत उपस्थिति 69.59 प्रतिशत रही, जो जून के 68.52 प्रतिशत से अधिक है। वहीं मार्च से जुलाई के बीच नामांकन में 6,076 बच्चों की कमी दर्ज की गई। अधिकारियों को नामांकन बढ़ाने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया।
आधार प्रमाणीकरण और पोषण वाटिका पर भी फोकस :
जुलाई तक 2,08,290 बच्चों में से 50,231 का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ है। शेष बच्चों की जांच मार्च 2027 तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया। 65.72 प्रतिशत बच्चों द्वारा आईएफए गोली का सेवन किए जाने पर कम उपलब्धि वाले प्रखंडों में विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। जिले के 1,280 में से 1,234 विद्यालयों में पोषण वाटिका संचालित है।
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक उर्मिला हांसदा सहित संबंधित पदाधिकारी व समिति के सदस्य मौजूद थे।



