कुपोषित बच्चों को बांटी मिठाई, खेल और मनोरंजन के लिए दिए खिलौने
साहिबगंज। संवाददाता। सिविल सर्जन साहिबगंज ने सदर प्रखंड के सीएचसी परिसर स्थित कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में भर्ती बच्चों और उनकी माताओं से मुलाकात कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं उपचार की जानकारी ली। मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सदर डॉ. महमूद आलम भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन बच्चों के लिए मिठाई लेकर पहुंचे और बच्चों एवं उनकी माताओं के बीच मिठाई वितरित की। वहीं बच्चों के उपचार के साथ उनके मनोरंजन और सकारात्मक माहौल को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने स्तर से तीन खिलौना गाड़ियां खरीदकर केंद्र को उपलब्ध कराईं। खिलौने मिलने पर बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
उपचार के साथ स्नेह और सकारात्मक माहौल जरूरी :
सिविल सर्जन ने कहा कि कुपोषित बच्चों को बेहतर चिकित्सा के साथ स्नेह, देखभाल और सकारात्मक वातावरण देना भी जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग बच्चों को मानवीय संवेदना के साथ बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
नए नेत्र विभाग के कार्य की भी समीक्षा:
एमटीसी के बाद सिविल सर्जन ने सदर अस्पताल का निरीक्षण कर नए नेत्र विभाग के निर्माण एवं व्यवस्थापन कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्य गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।



