मंडरो और बरहेट में हुआ वृक्ष रक्षाबंधन, ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया जागरूक
साहिबगंज। संवाददाता। भाई-बहन के प्रेम और रक्षा के संकल्प के पर्व रक्षाबंधन को वन विभाग ने प्रकृति संरक्षण से जोड़ते हुए अनोखे अंदाज में मनाया। शुक्रवार को मंडरो एवं बरहेट वन क्षेत्र में वृक्ष रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वनकर्मियों और ग्रामीणों ने पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी रक्षा, संरक्षण एवं संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि जिस तरह रक्षाबंधन पर अपनों की सुरक्षा का वचन लिया जाता है, उसी तरह पेड़-पौधों और पर्यावरण की रक्षा भी सभी की जिम्मेदारी है। वनकर्मियों ने ग्रामीणों को वृक्षों के महत्व और पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और मौजूदा पेड़ों की सुरक्षा करने की अपील की।

वन विभाग का संदेश रहा कि वृक्षों से रक्षा का रिश्ता जोड़कर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और हरा-भरा भविष्य तैयार किया जा सकता है। कार्यक्रम में प्रधान वनरक्षी अमित कुमार, सुनील कुमार, अंकित झा सहित अन्य वनकर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



