राजमहल/साहिबगंज। संवाददाता। राजमहल निरीक्षण भवन में बुधवार को राजमहल प्रखंड, नगर एवं उधवा प्रखंड झामुमो कमेटी की संयुक्त बैठक हुई। अध्यक्षता राजमहल प्रखंड अध्यक्ष अनिसूर रहमान ने की। बैठक में जिला पर्यवेक्षक संजीव सामू हेम्ब्रम एवं युवा मोर्चा जिला सचिव सह पर्यवेक्षक मो. मारूफ मौजूद रहे।
बैठक में एसआईआर और MMDR संशोधन विधेयक के विरोध में 7 सितंबर को प्रस्तावित आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। मो. मारूफ ने कहा कि खनिज संशोधन विधेयक झारखंड के अधिकारों के खिलाफ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाकर लोगों को आंदोलन से जोड़ने की अपील की।
संजीव सामू हेम्ब्रम ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राज्य के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि राजमहल प्रखंड व नगर का धरना राजमहल प्रखंड कार्यालय तथा उधवा का धरना उधवा प्रखंड कार्यालय में होगा। बैठक में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।



