साहिबगंज। संवाददाता। शहर में सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद की ओर से गुरुवार को अभियान चलाया गया। कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह के निर्देश पर सिटी मैनेजर रवि कुमार के नेतृत्व में टीम ने सुभाष चौक से साक्षरता चौक तक कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सड़क किनारे दुकान लगाकर आवागमन बाधित करने वाले दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए अतिक्रमण हटाया गया। वहीं सब्जी मंडी के बाहर सड़क किनारे दुकान लगाने वालों को मंडी परिसर के अंदर दुकान लगाने के लिए कहा गया।
अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से मौके पर जुर्माना भी वसूला गया। कार्रवाई के दौरान कुल 2600 रुपये का जुर्माना वसूला गया। नगर परिषद ने दुकानदारों से सड़क और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की।
अभियान में आरआई सोनू कुमार यादव, राकेश कुमार पासवान, बिक्की कुमार, सोनू मंडल, कमल कुमार यादव सहित जीरवाबाड़ी थाना पुलिस मौजूद रही।



