उधवा। नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में बुधवार को आई भीषण बाढ़ एवं भूस्खलन की घटना ने चिंता बढ़ा दी है। इस प्राकृतिक आपदा में करीब 160 लोगों की मौत और 750 लोगों के लापता होने की सूचना सामने आई है। घटना के बाद विभिन्न क्षेत्रों से यात्रा पर गए लोगों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि थाना क्षेत्र से यदि कोई व्यक्ति कैलाश यात्रा अथवा नेपाल/तिब्बत की यात्रा पर गया है, तो उसके संबंध में पूरी जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की गई है। संबंधित व्यक्ति का पूरा नाम, पता एवं मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी स्थिति की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई की जा सके। पुलिस की ओर से लोगों से अपील की गई है कि यदि उनके परिवार, रिश्तेदार या परिचितों में कोई व्यक्ति उक्त क्षेत्र की यात्रा पर गया हो, तो उसकी जानकारी जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं। इससे यात्रा पर गए लोगों की पहचान एवं उनकी सुरक्षा संबंधी जानकारी जुटाने में मदद मिल सकेगी।



