बोरियो। संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के छोटा केंदुआ गांव में बुधवार को एफिकोर की संजीवनी सामुदायिक स्वास्थ्य एवं कल्याण परियोजना और स्वास्थ्य विभाग, बोरियो के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में आसपास के गांवों से पहुंचे 136 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में हाइपरटेंशन, डायबिटीज, मलेरिया, संभावित टीबी, वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम सहित विभिन्न बीमारियों की जांच की गई। जांच के बाद मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंद मरीजों के बीच निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
शिविर में मठियों, छोटा केंदुआ, मंगरुटीकर, रानीडीह और पुआल सहित आसपास के गांवों से ग्रामीण पहुंचे। मौके पर डॉ. जय जयकुमार, डॉ. समीर राज, संजीवनी परियोजना के प्रबंधक तुहीन बनर्जी, अकाउंटेंट संजू अहिरवार, विकास, सुशील भगत, जया क्रिस्टीना, आयुष्मान आरोग्य मंदिर पुआल की सीएचओ बिरतिला तिर्की, एएनएम कोमल कुमारी, एमपीडब्ल्यू सुमन कुमार सहित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।



