झरना कॉलोनी में हरिहर नाथ धाम मंदिर में होगी भगवान शिव समेत अन्य देवी-देवताओं की प्राण-प्रतिष्ठा
साहिबगंज। संवाददाता। शहर के झरना कॉलोनी इमली टोला स्थित मां काली मंदिर के समीप हरिहर नाथ धाम श्री श्री 108 शिव मंदिर के नवीनीकरण के बाद प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर मंगलवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों और धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान पूरा क्षेत्र हर-हर गंगे और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।
गंगा घाट से शुरू हुई कलश यात्रा:

कलश शोभायात्रा का नेतृत्व अनुप लाल हरी ने किया। पुरोहित एवं आचार्य पंडित रंजय शास्त्री के निर्देशन में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद महिलाओं एवं युवतियों ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा शुरू की। यात्रा गंगा घाट से निकलकर बर्तला, कुलीपाड़ा, ग्रीन मोड़ और टमटम स्टैंड होते हुए झरना कॉलोनी इमली टोला स्थित मंदिर परिसर पहुंची, जहां कलश यात्रा का समापन हुआ।
शोभायात्रा के दौरान भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा। मौके पर भाजपा नेता प्रेमलाल मंडल उर्फ मंटा मंडल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मंदिर में भगवान शिव, गणेश सहित अन्य देवी-देवताओं की प्राण-प्रतिष्ठा कराई जाएगी। आयोजकों ने बताया कि 26 अगस्त को अधिवास, नगर भ्रमण एवं महास्नान तथा 27 अगस्त को महारुद्राभिषेक, हवन, पूर्णाहुति और प्रसाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने धर्मप्रेमी लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य के भागी बनने की अपील की।



