पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर वन संरक्षण और हरित भविष्य का दिया संदेश
साहिबगंज: वन क्षेत्र तलझारी के केंदबरिया गांव में मंगलवार को वृक्ष रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प दिलाना था। मुख्य अतिथि तलझारी के प्रखंड विकास पदाधिकारी राम सुमन प्रसाद ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला और उनकी रक्षा का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर वन क्षेत्र पदाधिकारी पंचम दुबे ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ मानव जीवन के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने ग्रामीणों से पौधों की नियमित देखभाल करने तथा वनों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं वनकर्मियों ने वृक्षों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी रक्षा, संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। लोगों ने पर्यावरण को सुरक्षित रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य तैयार करने का संदेश दिया। मौके पर ग्राम प्रधान, प्रधान वनरक्षी प्रेम कुमार, पप्पू कुमार, अमित कुमार, सुनील कुमार, अखिलेश मरांडी समेत अन्य वनकर्मी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।



