तकनीकी जांच से 13 थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई, सत्यापन के बाद मालिकों को लौटाए गए मोबाइल
साहिबगंज। संवाददाता। गुम या चोरी हुए मोबाइल को वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके 106 लोगों के लिए मंगलवार का दिन खुशियों भरा रहा। साहिबगंज पुलिस के विशेष अभियान के तहत बरामद किए गए 106 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलते ही लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। लोगों ने पुलिस की इस पहल के लिए आभार जताया।
तकनीकी जांच बनी पुलिस का मजबूत हथियार:
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देश पर 25 जुलाई से 25 अगस्त तक जिले के 13 थाना क्षेत्रों में मोबाइल बरामदगी अभियान चलाया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमों ने तकनीकी संसाधनों और केंद्रीय उपकरण पहचान पंजी (सीईआईआर) पोर्टल की मदद से गुम और चोरी हुए मोबाइल की जानकारी जुटाई। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर मोबाइल बरामद किए गए।

बरामद मोबाइलों में राजमहल से 14, राधानगर से 12, तालझारी से 13, बोरियो से 10, मुफस्सिल से 10, जिरवाबाड़ी से 9, बरहरवा से 9, तीनपहाड़ से 7, नगर थाना से 7, मिर्जाचौकी से 5, बरहेट से 4, कोटालपोखर से 3 और रांगा थाना से 3 मोबाइल शामिल हैं।
बाहर रहने वालों के पते पर भेजे जाएंगे मोबाइल:

पुलिस ने सत्यापन के बाद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। वहीं जिले से बाहर रहने वाले कुछ मोबाइल धारकों के फोन उनके पते पर डाक के माध्यम से भेजे जा रहे हैं। एसपी अमित कुमार सिंह ने कहा कि मोबाइल बरामदगी का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य गुम मोबाइल लोगों तक वापस पहुंचाने के साथ-साथ मोबाइल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना भी है। पुलिस आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी माध्यमों से कार्रवाई जारी रखेगी।



