बड़ी संख्या में मतदाता पहुंचे प्रखंड कार्यालय, दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया भी हुई पूरी
बरहेट। आवाज प्रतिनिधि। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सोमवार को बरहेट प्रखंड कार्यालय में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में मतदाता आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रखंड कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।
दस्तावेजों का सत्यापन, दावे-आपत्तियां दर्ज

अपर समाहर्ता विजय कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी प्रमोद आनंद एवं जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अनिल कुमार की देखरेख में मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। पूर्व में नोटिस प्राप्त मतदाताओं से संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद उनके दावे एवं आपत्तियां दर्ज की गईं।
मौके पर बीडीओ अंशु कुमार पांडेय, प्रखंड निर्वाचन नोडल पदाधिकारी रुकेश गुप्ता, ऑपरेटर अभिषेक कुमार सहित बीएलओ और पर्यवेक्षक मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश

अधिकारियों ने बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को एसआईआर कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने तथा मतदाताओं की समस्याओं का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।




