नई दिल्ली में आयोजित 65वीं सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता के अंडर-17 बालिका वर्ग में संत पैट्रिक स्कूल, गुमला ने बिहार को 5-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है. इस जीत से पूरे राज्य में खुशी की लहर है.
गुमला: नई दिल्ली में आयोजित 65वीं सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता के अंडर-17 बालिका वर्ग में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रही संत पैट्रिक स्कूल, गुमला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है. क्वार्टर फाइनल/लीग मुकाबले में झारखंड की बेटियों ने एकतरफा खेल दिखाते हुए बिहार को 5-1 के बड़े अंतर से मात दी.
शुरुआत से ही बनाया दबाव
मैच की शुरुआत से ही गुमला की खिलाड़ियों ने आक्रामक रणनीति अपनाई. झारखंड की ओर से मनीषा डुंगडुंग ने शानदार खेल दिखाते हुए लगातार दो गोल दागकर टीम को 2-0 की शुरुआती बढ़त दिलाई. इसके बाद उषा कुमारी ने अपनी तकनीक का मुजाहिरा दिखाते हुए तीसरा गोल दागा. मुकाबले के अंतिम चरण में साबरनी कुमारी ने अपनी रफ्तार का परिचय दिया और एक के बाद एक लगातार दो गोल करके झारखंड का स्कोर 5-1 तक पहुंचा दिया. हालांकि बिहार की टीम ने एक गोल दागकर वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन झारखंड की मजबूत रक्षापंक्ति (Defensive Line) के आगे उनकी एक न चली.
कल सीआईएससी से होगा सेमीफाइनल में मुकाबला
संत पात्रिक स्कूल, गुमला का अगला और सेमीफाइनल मुकाबला कल सीआईएससी (CISCE) की टीम के साथ खेला जाएगा. टीम की इस ऐतिहासिक जीत से गुमला समेत पूरे राज्य के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है. गुमला के खेल संयोजक कृष्णा उरांव ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि टीम सेमीफाइनल में भी इसी तरह का अपने प्रदर्शन जारी रखेगी.



