साहिबगंज: धनबाद के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 21-22 अगस्त को आयोजित तीसरी सब-जूनियर झारखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में साहिबगंज जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य समेत कुल 13 पदक हासिल कर ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में 24 जिलों के 331 एथलीटों ने हिस्सा लिया। साहिबगंज ने बालक अंडर-14, बालिका अंडर-14 और बालक अंडर-16 वर्ग में विजेता का खिताब हासिल किया। बालक अंडर-14 और अंडर-16 में जिले की टीम लगातार दूसरे वर्ष चैंपियन बनी है।
पदक विजेताओं में आयुष कुमार, आकाश मंडल, एमानुएल किस्कू, परमा हांसदा, रौशनी कुमारी, काजल कुमारी सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। टीम के कोच योगेश यादव और अशोक साहनी की अहम भूमिका रही। उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, एसपी अमित कुमार सिंह, डीडीसी सतीश चंद्रा एवं जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई दी।



