नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया का अपर समाहर्ता ने लिया जायजा
बरहेट/साहिबगंज: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत आयोजित विशेष शिविरों का निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता विजय कुमार ने बरहेट प्रखंड में निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्र संख्या 100, 101, 108, 109, 115 एवं 122 का जायजा लिया।
प्रपत्रों और दस्तावेजों का किया सत्यापन:

निरीक्षण के दौरान नए मतदाताओं द्वारा जमा किए गए प्रपत्र-6 एवं प्रपत्र-8 के साथ घोषणा-पत्र और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। अपर समाहर्ता ने बीएलओ को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने विशेष रूप से 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र भारतीय नागरिकों का नाम नियमानुसार जोड़ने की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी करने को कहा। उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूत नींव है। सभी कर्मी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए मतदाताओं को आवश्यक सहयोग दें।



