उधवा। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के महाराजगंज थाना की पुलिस ने राधानगर थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर एक युवती को सकुशल बरामद किया है। पुलिस टीम ने मौके से मामले में आरोपी बताए जा रहे युवक शाहिद शेख उर्फ वाहिद को भी गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद यूपी पुलिस दोनों को अपने साथ उत्तर प्रदेश ले गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले को लेकर महाराजगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। बताया गया कि राधानगर थाना क्षेत्र के बकायटोला निवासी शाहिद शेख उर्फ वाहिद मुंबई में एक दुकान में काम करता था। इसी दौरान उसकी दुकान मालिक की बेटी से जान-पहचान हुई। आरोप है कि युवक ने युवती को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले लिया। बताया जा रहा है कि यह मामला इसी वर्ष मार्च का है। बाद में युवक युवती को अपने घर बकायटोला ले आया, जहां दोनों साथ रहने लगे। परिजनों को इसकी जानकारी मिलने के बाद महाराजगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद यूपी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि युवती राधानगर थाना क्षेत्र के बकायटोला में आरोपी युवक के साथ रह रही है। सूचना की पुष्टि के बाद महाराजगंज थाना की पुलिस टीम गुरुवार को राधानगर पहुंची और स्थानीय पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद राधानगर पुलिस के सहयोग से बकायटोला में संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया। वहीं, मौके से शाहिद शेख उर्फ वाहिद को भी गिरफ्तार कर लिया गया।कार्रवाई पूरी करने के बाद यूपी पुलिस युवती और आरोपी युवक को अपने साथ उत्तर प्रदेश ले गई। मामले में महाराजगंज थाना पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच में जुटी है।



