श्वेत परिधानों में पहुंचे श्रद्धालु, बाबा गाजेश्वर नाथ की पूजा कर मांगी सुख-समृद्धि
बरहेट/साहिबगंज। सावन के अंतिम चरण में प्रसिद्ध शिवगादी धाम में बाबा गाजेश्वर नाथ महादेव की पूजा-अर्चना के लिए विभिन्न क्षेत्रों से सफा होड़ों के जत्थे पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में सफा होड़ अपने-अपने गुरु बाबा के नेतृत्व में श्वेत परिधानों में शिवगादी धाम पहुंचे। श्रद्धालुओं के पहुंचने से मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में नजर आया।
स्नान के बाद पारंपरिक विधि से की पूजा-अर्चना
शिवगादी धाम पहुंचने से पहले सफा होड़ों ने स्नान किया। इसके बाद गीले वस्त्रों में ही सिर पर लोटा और हाथों में पूजा सामग्री लेकर मंदिर पहुंचे। अपने-अपने गुरु बाबा के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने शिवगादी मंदिर के गर्भगृह में पारंपरिक विधि-विधान के साथ बाबा गाजेश्वर नाथ महादेव की पूजा-अर्चना की।

पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से अपने परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। विभिन्न स्थानों से पहुंचे सफा होड़ों के कई जत्थों में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे।
सफा होड़ों ने बताया कि भगवान शिव उनके सृष्टिकर्ता और इष्ट देव हैं। सावन के अंतिम चरण में शिवगादी धाम पहुंचकर बाबा गाजेश्वर नाथ की पूजा करना उनके लिए विशेष आस्था और श्रद्धा का विषय है। उन्होंने कहा कि बाबा की आराधना से उन्हें आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है।



