बरहरवा/साहिबगंज। फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत बरहरवा प्रखंड के अपग्रेडेड प्राथमिक विद्यालय साहेबडांगा में शुक्रवार को ट्रांसमिशन एसेसमेंट सर्वे कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कार्यक्रम प्रबंधक रविशंकर एवं जिला परामर्शी वीबीडी कार्यक्रम सती बाबू डाबड़ा ने संयुक्त रूप से किया।
बरहरवा प्रखंड में यह सर्वे 21 अगस्त से 17 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा। माइक्रोप्लान के अनुसार प्रखंड के 45 सरकारी विद्यालयों में कक्षा एक और दो के छात्र-छात्राओं का सर्वे किया जाएगा। इसके लिए कक्षा एक के 951 और कक्षा दो के 1,262 विद्यार्थियों, यानी कुल 2,213 बच्चों के सर्वे का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
संदिग्ध बच्चों की पहचान कर कराया जाएगा उपचार
सर्वे के दौरान फाइलेरिया संक्रमण के संदिग्ध छात्र-छात्राओं को चिन्हित किया जाएगा। आवश्यकतानुसार उनकी जांच एवं उपचार की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए सीएचसी बरहरवा की ओर से विद्यालयवार 45 चिकित्सीय दलों का गठन किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सर्वे का उद्देश्य बच्चों में फाइलेरिया संक्रमण की स्थिति का आकलन करना और संभावित संक्रमित बच्चों की समय रहते पहचान कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना है।
उद्घाटन कार्यक्रम में परवेज कुमार एफएलए, अजय कुमार एमटीएस, निरूपा किस्पोट्टा सीएचओ, ललित कुमार एमपीडब्ल्यू समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।



