बिहार से खरीदारी को पहुंचा था दो तस्कर, मालदा से डिलीवरी देने पहुंचा था शिवम मिश्रा
बरहरवा/साहिबगंज। साहिबगंज जिले में नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को रांगा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केसरो गांव के समीप 1003 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, बरहरवा क्षेत्र में अब तक बरामद ब्राउन शुगर की यह सबसे बड़ी खेप है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद स्कॉर्पियो बीआर-11पीबी/0388 भी जब्त की है।

एसपी की गुप्त सूचना पर छापेमारी, स्कॉर्पियो से हो रही थी तस्करी:
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर रांगा थाना पुलिस ने केसरो गांव के पास छापेमारी की। पुलिस ने मौके से अमन राज, गुलशन कुमार और शिवम मिश्रा को गिरफ्तार किया। बरामद ब्राउन शुगर को करीब 10 पैकेटों में रखकर एक बैग में ले जाया जा रहा था। बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेवाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपियों का कनेक्शन पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक से सामने आया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अमन राज सहरसा जिला और गुलशन कुमार मधेपुरा जिला (बिहार) के रहने वाले हैं, जो कथित तौर पर ब्राउन शुगर खरीदने पहुंचे थे, जबकि शिवम मिश्रा पश्चिम बंगाल के मालदा जिले का निवासी बताया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

बंगाल से साहिबगंज के रास्ते बिहार समेत अन्य राज्यों तक सप्लाई का शक:
एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में ब्राउन शुगर की सप्लाई बिहार समेत अन्य राज्यों तक किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं तथा मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के प्रमुख ठिकाने कहां-कहां हैं। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और पुलिस ने जल्द ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी राजमहल और राधानगर थाना क्षेत्रों में ब्राउन शुगर एवं गांजा की तस्करी के मामलों में गिरफ्तारियां और बरामदगी हो चुकी है। वहीं, हाल में साहिबगंज शहर के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र से भी 8 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस ने निगरानी और कार्रवाई बढ़ा दी है।
मामले में बीएनएस एवं एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापेमारी दल में रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव समेत पुलिस बल के जवान शामिल रहे।



