जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा पर अधिकार की लड़ाई तेज करने का संकल्प
जिले में बैठक कर आगामी आंदोलन की रणनीति पर बनी रूपरेखा
साहिबगंज। केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 (MMDR Amendment Bill) को लेकर झारखंड में राजनीतिक विरोध तेज हो गया है। विधेयक के तहत खनिज अधिकारों एवं खनिज-युक्त भूमि पर राज्य सरकारों की कर/सेस लगाने की शक्तियों को सीमित किए जाने को लेकर झामुमो राज्य के अधिकारों और राजस्व हितों पर असर पड़ने की बात कह रहा है।

इसी मुद्दे को लेकर साहिबगंज टाउन हॉल में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अरुण सिंह ने की, जबकि मंच संचालन जिला सचिव सुरेश टुडू ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विजय कुमार हांसदा, राजमहल विधायक एमटी राजा एवं विधायक धनंजय सोरेन मौजूद रहे।
खनिज संपदा पर अधिकार को लेकर निर्णायक संघर्ष का ऐला

बैठक में सांसद, विधायक समेत अन्य ने कहा कि झारखंड की पहचान जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से जुड़ी है। झामुमो ने आरोप लगाया कि नए विधेयक के माध्यम से राज्य के खनिज एवं प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े अधिकारों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी ने कहा कि झारखंड के संसाधनों और राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष को और व्यापक किया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी विधेयक को लेकर केंद्र से पुनर्विचार की मांग कर चुके हैं।
बैठक में आगामी आंदोलन को लेकर जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को तैयार करने और केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन को धार देने की रणनीति पर चर्चा की गई। झामुमो नेतृत्व ने कहा कि राज्य के हितों की रक्षा के लिए पार्टी हर स्तर पर मजबूती से आवाज उठाएगी।
बैठक में जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष संजय गोस्वामी, जिला उपाध्यक्ष संजीव शामू हेंब्रम, जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका किस्कू, केंद्रीय समिति सदस्य संजय मिश्रा उर्फ बबलू मिश्रा, नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान, जिला युवा मोर्चा सचिव मो. मारुफ उर्फ गुड्डू, नगर पंचायत अध्यक्ष किताबुद्दीन शेख, केंद्रीय समिति सदस्य मुजीबुर रहमान, अखलाकुर रहमान, नजरुल इस्लाम, जंग बहादुर सिंह, जलेबी सिंह, रहमान अंसारी, छवि हेंब्रम, जेम्स किस्कू, महिला मोर्चा अध्यक्ष बसंती हांसदा, जिला सचिव संगीता हांसदा, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष देव सोरेन, मो. अली, मो. एजाज अंसारी समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



