उधवा। प्रखंड क्षेत्र के दक्षिण पलाशगाछी पंचायत अंतर्गत यूपीएस सुभानटोला के सहायक शिक्षक सह सचिव तजबूल हक शनिवार की दोपहर विद्यालय से सटे अपने घर की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के मालदा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सिलीगुड़ी रेफर कर दिया।परिजनों के अनुसार, शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद तजबूल हक विद्यालय के ऊपरी तल्ले पर ही थे। काफी देर तक उनके नीचे नहीं आने पर परिजन उन्हें देखने के लिए ऊपरी तल्ले पर पहुंचे। वहां से नीचे देखने पर विद्यालय से सटे घर के ग्राउंड फ्लोर के एक कोने में उन्हें अचेत अवस्था में गिरा हुआ पाया गया। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल मालदा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि हादसे में शिक्षक के नाक और कान से भी रक्तस्राव हुआ है। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर सिलीगुड़ी रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिलीगुड़ी लेकर रवाना हो गए। घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय परिवार, पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। शिक्षक के सहकर्मियों, ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ की है। विद्यालय परिवार ने बताया कि तजबूल हक मेहनती और मिलनसार शिक्षक हैं। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर प्रखंड शिक्षा विभाग के बीपीओ अटल बिहारी भगत ने भी शिक्षक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।



