उधवा। उधवा प्रखंड कार्यालय कक्ष में गुरुवार को प्रखंड स्तरीय स्टेयरिंग सह मॉनिटरिंग कमिटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी जयंत कुमार तिवारी ने की। बैठक में विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन योजना की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान बीडीओ जयंत कुमार तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में विद्यालयों में मध्याह्न भोजन बंद नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।बैठक में विद्यालयों में प्रतिदिन निर्धारित मेनू के अनुसार मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने, भोजन की गुणवत्ता पर निगरानी रखने तथा विद्यालय एवं पाठशाला परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा शत-प्रतिशत एसएमएस, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन से संबंधित अभिलेखों के संधारण तथा योजना के सफल संचालन सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बीडीओ ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को नियमित रूप से विद्यालयों का अनुश्रवण करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मध्याह्न भोजन योजना का उद्देश्य बच्चों को पोषण उपलब्ध कराने के साथ-साथ विद्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति को बढ़ावा देना है। इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी और कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अमर कुमार, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी अटल बिहारी भगत, महिला पर्यवेक्षिका सुशीला हेंब्रोम सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।




