आवेदन के बावजूद नहीं लगा 200 केवीए का नया ट्रांसफार्मर, उमस भरी गर्मी में ग्रामीण बेहाल
उधवा। प्रखंड क्षेत्र के उत्तरी सरफराजगंज पंचायत अंतर्गत नौघरिया, फुदकीपुर शांति कॉलोनी गांव के ग्रामीण पिछले करीब एक वर्ष से बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। लो-वोल्टेज और खराब विद्युत व्यवस्था के कारण ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग को कई बार समस्या से अवगत कराने और लिखित आवेदन देने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। जानकारी के अनुसार, गांव में विद्युत आपूर्ति के लिए लगा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह उसे ठीक कराया, लेकिन इसके बावजूद पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल पा रहा है। वर्तमान में लो-वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर समेत अन्य विद्युत उपकरण ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। उमस भरी गर्मी में बिजली की समस्या ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी है। ग्रामीणों के मुताबिक, उक्त ट्रांसफार्मर से करीब 200 घरों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। अधिक लोड के कारण लंबे समय से लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि 200 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए तो समस्या का काफी हद तक समाधान हो सकता है।

विभाग को दिया गया आवेदन, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
इस समस्या को लेकर उत्तरी सरफराजगंज पंचायत के उप मुखिया प्रतिनिधि सह झामुमो प्रखंड सचिव विश्वजीत मंडल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उधवा के कनीय विद्युत अभियंता को लिखित आवेदन देकर 200 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने तथा जर्जर विद्युत तारों को बदलने की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना है कि आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक न तो नया ट्रांसफार्मर लगाया गया और न ही जर्जर तारों को बदला गया।
अब पढ़िए अगली खबर: Sahibganj: 77वें राज्यव्यापी वन महोत्सव पर विधायक निसात आलम ने किया पौधारोपण




