पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी से पौधारोपण अभियान चलाने की अपील
बरहरवा/साहिबगंज। संवाददाता। 77वें राज्यव्यापी वन महोत्सव के अवसर पर मंगलवार को झारखंड विधानसभा परिसर, रांची में पाकुड़ विधायक निसात आलम ने पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और राज्य में हरियाली बढ़ाने का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
विधायक निसात आलम ने कहा कि पेड़-पौधे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पौधारोपण जरूरी है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि वन महोत्सव को केवल पौधारोपण कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाया जाना चाहिए। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। आयोजन का उद्देश्य राज्य में हरित क्षेत्र बढ़ाने और लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनाना रहा।
अब पढ़िए अगली खबर: Sahibganj: नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर




