उधवा। झारखंड शिक्षा परियोजना, रांची के निर्देशानुसार सोमवार को प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय चांद शहर में मुखिया मुस्तकीम शेख की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों की सहभागिता रही। सर्वसम्मति से अफ़्सरा खातून को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष तथा सेराज शेख को उपाध्यक्ष चुना गया। समिति के पुनर्गठन की प्रक्रिया प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक सह बीआरपी इंतखाब आलम की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के साथ-साथ अन्य सदस्यों का भी चयन किया गया। पर्यवेक्षक ने उपस्थित अभिभावकों को विद्यालय प्रबंधन समिति की भूमिका एवं जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए कहा कि समिति विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्रों की नियमित उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी बल दिया। इस दौरान प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अफसरा खातून ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे विद्यालय के सर्वांगीण विकास, बच्चों की बेहतर शिक्षा और आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए सभी सदस्यों एवं शिक्षकों के साथ मिलकर कार्य करेंगे। मौके पर प्रधानाध्यापक उदय शंकर सिंह, सहायक शिक्षक प्रवीण कुमार मंडल, बरकत शेख, हसमत शेख, केशरुल शेख, राजीव शेख, समल कुमार रजक, मोजाहिर शेख आदि उपस्थित थे।
अब पढ़िए अगली खबर: Sahibganj: हेमंत सोरेन का 51वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया, मूक-बधिर बच्चों के साथ बांटी खुशियां




