छह माह तक केवल स्तनपान कराने का दिया संदेश, प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित
साहिबगंज। विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर शुक्रवार को सूर्या पारामेडिकल इंस्टीट्यूट में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, सूर्या हेल्थ एजुकेशनल ट्रस्ट एवं सूर्या नर्सिंग एजुकेशनल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व प्राचार्य डॉ. मृदुला सिन्हा, पूर्व जैक अध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार सिंह, सूर्या सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. विजय कुमार, प्रो. कमल महावर, डॉ. फरोग हसन सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।

मां का दूध बच्चे के लिए अमृत, छह माह तक केवल स्तनपान जरूरी:
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. विजय कुमार ने कहा कि मां का दूध बच्चे के लिए सबसे उत्तम आहार है, जो उसे अनेक बीमारियों से बचाने के साथ उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करता है। डॉ. शकुंतला सहाय, डॉ. खुशबू प्रिया, डॉ. अरविंद कुमार सिंह एवं डॉ. मृदुला सिन्हा ने कहा कि जन्म के बाद पहले छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध ही दिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि स्तनपान से बच्चे का शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर होता है, वहीं मां को भी कई गंभीर बीमारियों से बचाव मिलता है। वक्ताओं ने समाज से अपील की कि स्तनपान कराने वाली माताओं को सम्मान और सहयोग का वातावरण दिया जाए तथा किसी भी प्रकार की झिझक या अंधविश्वास से दूर रहकर इस प्राकृतिक प्रक्रिया को अपनाया जाए।
नुक्कड़ नाटक और प्रतियोगिताओं से दिया जागरूकता का संदेश:
कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर स्तनपान के महत्व पर प्रभावी संदेश दिया। भाषण, निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन मिस शिवानी एवं धन्यवाद ज्ञापन मिस अर्चना ने किया। मौके पर चंद्रदेश्वर प्रसाद सिन्हा, सूर्या सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के उपनिदेशक डॉ. सुमित, आईवीएफ एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. खुशबू प्रिया, प्रो. कमल महावर, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




