राजमहल/संवाददाता। राजमहल थाना क्षेत्र के जामनगर गांव में शनिवार को तालाब में नहाने गई 10 वर्षीय बच्ची की डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान राजकुमार मंडल की पुत्री रूबी कुमारी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार रूबी कुमारी घर के समीप स्थित तालाब में नहाने गई थी। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। तालाब में मौजूद लोगों की नजर बच्ची पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद बच्ची को तालाब से बाहर निकाला।
आनन-फानन में बच्ची को राजमहल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. खालिद अंसारी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाना पुलिस के एएसआई एसके तिकी दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




