तीनपहाड़। इमाम हुसैन की शहादत की याद में गुरुवार को तीनपहाड़ में चेहल्लुम का पर्व पूरे अकीदत, एहतराम और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। मोहर्रम के 40वें दिन आयोजित इस अवसर पर चेहल्लुम कमिटी, तीनपहाड़ के तत्वावधान में इमामबाड़ा से भव्य ताजिया जुलूस निकाला गया। जुलूस हथिगढ़, मुख्य बाजार एवं नीचे टोला सहित विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा और देर रात पुनः इमामबाड़ा पहुंचकर संपन्न हुआ।
जुलूस के दौरान स्थानीय एवं दूर-दराज से आए खिलाड़ियों ने पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कमिटी की ओर से सम्मानित भी किया गया। वहीं विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के बीच शरबत और तबर्रुक का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान तीनपहाड़ थाना पुलिस अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मुस्तैद रही, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




